जनता दर्शन में फरियादियों के बीच पहुंचे सीएम योगी
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में एक अलग अंदाज में नजर आए। इस दौरान उन्होंने न केवल फरियादियों की समस्याएं सुनीं, बल्कि खुद उनके पास पहुंचकर प्रार्थना पत्र भी लिए। सीएम योगी को अपने बीच पाकर फरियादियों ने अपनी समस्याएं बताईं। सीएम योगी ने एक-एक कर सभी लोगों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना।जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास पहुंचे और उनके प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आमजन की शिकायतों का समाधान पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।इस दौरान इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को भी मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि धन के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के इलाज में सरकार हर संभव मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का एस्टीमेट प्राप्त होते ही आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए, ताकि समय पर उपचार शुरू हो सके।जनता दर्शन में पुलिस, राजस्व, शिक्षा और बिजली सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


कोई टिप्पणी नहीं