शव लेकर जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार, 5 की मौके पर मौत
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 53.3 पर एक भीषण सड़क हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही एंबुलेंस आगे चल रही पिकअप में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। एंबुलेंस राजस्थान के जयपुर से एक मृत व्यक्ति का शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी। इसी दौरान सुबेहा थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 53.3 के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर आगे चल रही पिकअप में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह रही कि एंबुलेंस में पहले से ही एक मृत व्यक्ति का शव रखा हुआ था, जिसे लेकर परिजन पश्चिम बंगाल जा रहे थे।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।प्रभारी पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में राजस्थान के जयपुर स्थित जवाहर नगर कच्ची बस्ती निवासी मकबूल खान (62), अलवर जिले के पीपलखेर निवासी हरिओम योगी (33) तथा पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के मोतीवाला निवासी अमीनुल हक (32), रफीक (50) और आलम शामिल हैं।एक ही हादसे में पांच लोगों की मौत से उनके परिवारों में मातम छा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


कोई टिप्पणी नहीं