ब्रेकिंग न्यूज

दरियापुर लेबर अड्डे को श्रमिकों की सुविधाओं एवं समस्याओं के समाधान का स्थायी केंद्र बनाया जाएगा -डीएम


सुल्तानपुर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सोमवार को दरियापुर स्थित लेबर अड्डे का स्थलीय निरीक्षण कर श्रमिकों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता, बैठने एवं विश्राम सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन की टीम, श्रम विभाग एवं अन्य संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से लेबर अड्डे को यहां व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है।

इसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं तथा श्रमिक अब यहां आने लगे हैं। इससे उनकी समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने में सुविधा मिल रही है। प्रशासन का उद्देश्य इस व्यवस्था को एक स्थायी संस्थागत स्वरूप प्रदान करना है, जिससे जनपद के श्रमिकों को अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।  उन्होंने बताया कि श्रमिकों की कार्य अवधि को ध्यान में रखते हुए सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक लेबर अड्डे पर विशेष व्यवस्था विकसित की जा रही है। सामान्यतः श्रमिक सुबह से शाम तक कार्य करते हैं।

जबकि सरकारी कार्यालयों का संचालन प्रायः सुबह 10 बजे से होता है। ऐसे में श्रमिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य छोड़ना पड़ता है, जिससे उनकी दिहाड़ी का नुकसान होता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए सुबह से ही विभिन्न विभागों की टीम यहां उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस व्यवस्था के अंतर्गत श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, परिवार से जुड़ी समस्याओं, सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा संबंधी समस्याओं के समाधान की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही वर्तमान में संचालित मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तथा जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना जैसी गतिविधियों से संबंधित सहायता भी इसी केंद्र पर उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि श्रमिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।जिलाधिकारी ने बताया कि लेबर अड्डे पर मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। यहां श्रमिकों के बैठने एवं विश्राम के लिए अतिरिक्त व्यवस्था विकसित की जा रही है। शौचालय निर्माण के लिए आज स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसका कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को कैंटीन संचालन की जिम्मेदारी देने की योजना है। इसके माध्यम से महिलाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा तथा श्रमिकों को रियायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सकेगा। कैंटीन को आगामी 45 दिनों में शुरू कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।उन्होंने यह भी बताया कि श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यहां स्थायी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्थापित किए जाने का प्रस्ताव संबंधित स्तर पर प्रस्तुत किया गया है। इस प्रकार बैठने एवं विश्राम की व्यवस्था, शौचालय, कैंटीन, स्वास्थ्य सुविधा तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं को एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।  जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि पहले सड़क किनारे खड़े होकर काम की प्रतीक्षा करने वाले श्रमिकों को एक सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाए, जहां वे सम्मानजनक वातावरण में बैठ सकें और उन्हें आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावित व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराते हुए आगामी दो माह में इस केंद्र को स्थायी एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वच्छ पेयजल, बैठने के लिए पर्याप्त स्थान, धूप एवं बारिश से बचाव हेतु छायादार व्यवस्था, महिला एवं पुरुष शौचालय, हाथ धोने के लिए पानी एवं साबुन, नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत सुविधा, प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान का ध्यान रखना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।  जिलाधिकारी  ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए लेबर अड्डे को श्रमिकों की समस्याओं के समाधान एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने वाले एक प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित करें। इस अवसर पर सभी सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं