ब्रेकिंग न्यूज

सिविल डिफेंस अभ्यास को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक


सुल्तानपुर आगामी 22 नवम्बर  को पुलिस लाइन परिसर में शाम 06 बजे आयोजित होने वाली सिविल डिफेन्स एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 के सफल एवं प्रभावी संचालन हेतु जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)  रत्नप्रिया की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में सभी संबंधित अधिकारियों, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों एवं आपदा मित्रों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रस्तावित मॉक एक्सरसाइज की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय से पूर्व आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें। उन्होंने मॉक ड्रिल के आयोजन हेतु आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की व्यवस्था हेतु अधिशासी अधिकारी नगर पालिका तथा अभ्यास में प्रतिभाग करने वाले नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों एवं आपदा मित्रों को उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुये निर्देश दिए।  मॉक एक्सरसाइज के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सर्वप्रथम हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित कर ब्लैकआउट किया जाएगा तथा नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के लिए जागरूक किया जाएगा। हवाई हमले का खतरा समाप्त होने पर ऑल क्लियर सिग्नल के रूप में दो मिनट तक ऊंची आवाज में सायरन बजाया जाएग।     मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन बचाव एवं राहत कार्यों का भी अभ्यास किया जाएगा। इसके तहत नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा छोटी आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर तथा फायर सर्विस द्वारा बड़ी आग पर नियंत्रण के लिए फायर टेंडर का प्रयोग किया जाएगा। हमले के दौरान घायल व्यक्तियों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने, गंभीर रूप से घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने तथा ध्वस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया जाएगा।    जिलाधिकारी  ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप पूरी तत्परता से कार्य करें तथा मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास का उद्देश्य ड्रोन, हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखना तथा विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करना है।

कोई टिप्पणी नहीं