21 नवंबर को लखनऊ आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कौशल दीक्षांत समारोह में देशभर के ITI टॉपर्स को करेंगे सम्मानित
लखनऊ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को राजधानी लखनऊ के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे और देशभर के आईटीआई के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। पीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर शासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वहीं सुरक्षा एजेंसियों ने भी आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना शुरू कर दिया है।कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय की ओर से प्रतिवर्ष देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाता है। इस आयोजन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर हुई थी। अब तक यह समारोह दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होता रहा है।लेकिन पहली बार इसका आयोजन राष्ट्रीय राजधानी से बाहर लखनऊ में किया जा रहा है। इस लिहाज से लखनऊ में होने वाला यह आयोजन खास माना जा रहा है।प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 21 नवंबर को दोपहर बाद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर के आईटीआई संस्थानों से करीब 1500 छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है। इनमें लगभग 1000 विद्यार्थी उत्तर प्रदेश से और करीब 200 विद्यार्थी अन्य राज्यों से पहुंचेंगे। आयोजन में कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय की ओर से 40 ट्रेड और छह जोन के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।समारोह में विभिन्न ट्रेड और जोन के करीब 64 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इनमें उत्तर प्रदेश के छह विद्यार्थी भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक ट्रेड के टॉपर विद्यार्थियों को स्वयं सम्मानित करेंगे। इससे देशभर के आईटीआई विद्यार्थियों को अपने कौशल और तकनीकी दक्षता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शुक्रवार को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान का भ्रमण किया। टीम ने कार्यक्रम स्थल, प्रवेश और निकास मार्गों सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर समन्वय बनाकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।पहली बार दिल्ली से बाहर आयोजित होने जा रहे इस राष्ट्रीय समारोह के लिए लखनऊ को चुने जाने से प्रदेश के कौशल विकास और आईटीआई क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों एवं संस्थानों में भी उत्साह है।

कोई टिप्पणी नहीं