सुलतानपुर में 2185 मतदेय स्थलों की सूची को निर्वाचन आयोग की मंजूरी, छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का निर्धारण
सुलतानपुर भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के सम्भाजन संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। आयोग से अनुमोदन मिलने के बाद जनपद के छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की अंतिम सूची तैयार कर ली गई है। इसके तहत जिले में कुल 1285 मतदान केंद्रों पर 2185 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से जारी पत्र संख्या 1106/सीईओ-2, 04 नवंबर 2026 के क्रम में भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी जनपदों के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के सम्भाजन प्रस्ताव को अनुमोदित किया है। इसी क्रम में सुलतानपुर जिले के विधानसभा क्षेत्रों की अनुमोदित सूची प्रकाशन के लिए तैयार की गई है।निर्धारित विवरण के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र 184-जगदीशपुर (अनुसूचित जाति) आंशिक में 30 मतदान केंद्रों पर 66 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र 187-इसौली में 233 मतदान केंद्रों पर 415 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, 188-सुलतानपुर विधानसभा क्षेत्र में 215 मतदान केंद्रों पर 423 मतदेय स्थल और 189-सदर विधानसभा क्षेत्र में 267 मतदान केंद्रों पर 403 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।इसी तरह विधानसभा क्षेत्र 190-लम्भुआ में 286 मतदान केंद्रों पर 437 मतदेय स्थल तथा 191-कादीपुर (अनुसूचित जाति) में 254 मतदान केंद्रों पर 441 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इस प्रकार जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1285 मतदान केंद्रों पर 2185 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।उल्लेखनीय है कि सुलतानपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या-38 में विधानसभा क्षेत्र 187-इसौली से लेकर 191-कादीपुर तक के विधानसभा क्षेत्र सम्मिलित हैं। वहीं, विधानसभा क्षेत्र 184-जगदीशपुर (आंशिक) की अनुमोदित सूची भी तैयार की गई है।निर्वाचन आयोग से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद मतदेय स्थलों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। साथ ही सूची सभी संबंधित अधिकारियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और संबंधित पक्षों को निर्धारित मतदेय स्थलों की जानकारी प्राप्त हो सके।

कोई टिप्पणी नहीं