छठ पूजा को लेकर एसपी ने सीताकुंड घाट का किया निरीक्षण
सुलतानपुर आगामी छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह के साथ कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित सीताकुंड घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन और आवागमन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घाट पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी। घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने के साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान निरंतर भ्रमणशील रहकर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहे। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए, ताकि उन्हें पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, जिससे पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन रामकृष्ण चतुर्वेदी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं