छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने सीताकुंड घाट पहुंचे डीएम
सुल्तानपुर छठ पूजा पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल के साथ सीताकुंड घाट का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, आवागमन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा के अवसर पर घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने घाट एवं उसके आसपास नियमित साफ-सफाई कराने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए। साथ ही घाट पर सुरक्षा एवं सतर्कता के दृष्टिगत आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पूर्व घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की समुचित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं