ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच एसपी ने मनाई दीपावली, बांटी मिठाइयां और उपहार


सुलतानपुर दीपावली के पावन पर्व पर खुशियां बांटने और समाज में प्रेम, अपनत्व एवं मानवीय संवेदनाओं का संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक  विनीत जायसवाल ने अनूठी पहल की। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी एवं पुत्री के साथ वृद्धाश्रम आनंद भवन पहुंचकर वहां निवास कर रहे बुजुर्गों के बीच दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया।

इस दौरान एसपी एवं उनके परिवार ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और काफी समय उनके साथ बिताया। उन्होंने बुजुर्गों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी जरूरतों एवं हालचाल के बारे में जानकारी ली तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दीपावली के अवसर पर सभी बुजुर्गों को मिठाइयां एवं उपहार भेंट कर त्योहार की शुभकामनाएं दीं।एसपी ने अपनी धर्मपत्नी और पुत्री के साथ बुजुर्गों के बीच फुलझड़ियां जलाकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।

इस आत्मीय पहल से वृद्धाश्रम का माहौल उत्साह और उल्लास से भर गया। बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान और खुशी साफ झलक रही थी। परिवार के साथ त्योहार मनाने जैसा अपनत्व पाकर बुजुर्ग भी भावुक और प्रसन्न नजर आए।इस अवसर पर एसपी ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह खुशियां बांटने, आपसी प्रेम, सौहार्द और अपनत्व को मजबूत करने का अवसर भी है। बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और आशीर्वाद समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं।

उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करना तथा उनका सम्मान और स्नेह प्राप्त करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।उन्होंने समाज के लोगों से भी अपील की कि त्योहारों के अवसर पर जरूरतमंदों, निराश्रितों और बुजुर्गों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां साझा करें, ताकि कोई भी व्यक्ति त्योहार के उल्लास से वंचित न रहे।इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं