ब्रेकिंग न्यूज

दीपावली पर योगी सरकार का तोहफा, 1.89 करोड़ परिवारों के लिए ₹1500 करोड़ की सब्सिडी


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के दीपोत्सव को सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और जनभागीदारी का जीवंत उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि जातिगत विभाजन समाज को कमजोर करता है, जबकि साझा आस्था और संस्कृति लोगों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करती है। श्रीराम की नगरी अयोध्या का दीपोत्सव इसी एकता और समरसता का प्रतीक बनकर उभरा है। सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में जातीय विभाजन को राजनीति का आधार बनाया जाता था और समाज को जोड़ने वाली सांस्कृतिक परंपराओं की उपेक्षा होती थी। वर्ष 2017 में प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद अयोध्या में दीपोत्सव की शुरुआत की गई। इसका उद्देश्य केवल दीप जलाना नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम की नगरी की सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना और समाज के प्रत्येक वर्ग को इस आयोजन से जोड़ना रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और संत-महात्माओं के आशीर्वाद से आज दीपोत्सव में धर्माचार्य, विद्यार्थी, स्वच्छताकर्मी, कुम्हार, व्यापारी और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग समान श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भागीदारी करते हैं। इस आयोजन में जाति या वर्ग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं, बल्कि सहभागिता और सामूहिक आस्था ही सबसे बड़ी पहचान है। अलग-अलग हाथों से जलने वाले दीपों का प्रकाश पूरे समाज को एकता का संदेश देता है। मुख्यमंत्री के अनुसार यही दीपोत्सव की वास्तविक भावना और समरस समाज की परिकल्पना है।

1.89 करोड़ परिवारों को मिलेगी रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर गरीब और वंचित परिवारों को राहत देने के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि जब सरकार की प्राथमिकता केवल परिवारवाद तक सीमित हो जाती है, तब गरीब परिवारों की समस्याएं और जरूरतें पीछे छूट जाती हैं। पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश की लाखों माताएं और बहनें धुएं से भरे चूल्हों पर खाना बनाने को मजबूर थीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार ने लोककल्याण को प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की रसोई तक स्वच्छ ईंधन पहुंचाने का काम किया है। इस योजना से महिलाओं को धुएं से होने वाली परेशानियों से राहत मिलने के साथ ही उनके स्वास्थ्य, सुविधा और सम्मान को भी मजबूती मिली है।उन्होंने बताया कि दीपावली के पावन अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया जाएगा। इसके लिए कुल 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। इस पहल का उद्देश्य गरीब परिवारों को रसोई गैस उपलब्ध कराने में आर्थिक सहायता देना और उन्हें दोबारा लकड़ी तथा धुएं वाले चूल्हों पर निर्भर होने से बचाना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्रतिबद्धता है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी गरीब परिवार को स्वच्छ ईंधन की सुविधा से वंचित न होना पड़े। दीपावली का पर्व केवल घरों को रोशन करने का अवसर नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशियां और सुविधाएं पहुंचाने का भी संदेश देता है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति मातृशक्ति और वंचित परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर घर में खुशियों का दीप जले और हर रसोई में सुविधा, स्वास्थ्य एवं सम्मान का प्रकाश बना रहे।मुख्यमंत्री के संदेश में एक ओर अयोध्या के दीपोत्सव के माध्यम से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के जरिए गरीब परिवारों को आर्थिक राहत पहुंचाने की पहल को प्रमुखता दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं