रामनगरी के दीपोत्सव में इस बार अमित शाह की मौजूदगी, 2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी रामायण
रामनगरी अयोध्या में आयोजित होने जा रहा दसवां दीपोत्सव-2026 इस बार कई ऐतिहासिक और खास विशेषताओं के साथ यादगार बनने जा रहा है। भगवान श्रीराम की नगरी को लाखों दीपों से रोशन करने की तैयारियों के बीच इस बार देश के गृहमंत्री अमित शाह दीपोत्सव के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दीपोत्सव के इतिहास में पहली बार किसी केंद्रीय गृहमंत्री की मुख्य अतिथि के तौर पर सहभागिता होने जा रही है। उनके प्रस्तावित अयोध्या दौरे की जानकारी के बाद प्रशासनिक अमले में तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं रामनगरी के स्थानीय निवासियों, साधु-संतों और धर्माचार्यों में भी इसे लेकर उत्साह का माहौल है।दीपोत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग सहित विभिन्न विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अयोध्या के प्रमुख मार्गों, धार्मिक स्थलों और आयोजन स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाने की योजना बनाई जा रही है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गृहमंत्री अमित शाह के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को और गति दी जा रही है।उन्होंने बताया कि एरियल शो को पिछले आयोजनों की तुलना में अधिक आकर्षक और प्रभावशाली बनाने की तैयारी है। आसमान में ड्रोन की कलात्मक आकृतियों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को एक अलग अंदाज में देखने का अवसर मिलेगा।दसवें दीपोत्सव में लाखों दीपों की जगमगाहट के साथ देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, धार्मिक प्रस्तुतियों और आधुनिक तकनीक से सुसज्जित आयोजन के जरिए अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आकर्षण का केंद्र बनाने की तैयारी है। आयोजन में परंपरागत दीप प्रज्ज्वलन के साथ आधुनिक तकनीक का समावेश इसकी विशेष पहचान होगा।अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के मुताबिक, विभाग का प्रयास है कि दीपोत्सव में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक को भव्य आयोजन के साथ एक अविस्मरणीय अनुभव मिले।कुल मिलाकर, दसवें दीपोत्सव में गृहमंत्री अमित शाह की प्रस्तावित सहभागिता, लाखों दीपों का प्रकाश और 2100 स्वदेशी ड्रोन का विशेष शो इस आयोजन को नई पहचान देने की तैयारी में है। रामनगरी में अभी से दीपोत्सव की तैयारियों और उत्साह का माहौल बनने लगा है।

कोई टिप्पणी नहीं