ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर स्कूल में लिफ्ट टूटने से 11 शिक्षक घायल, मचा हड़कंप


सुल्तानपुर सदर तहसील से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जीडी गोयनका स्कूल परिसर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। प्रशिक्षण में शामिल शिक्षक लिफ्ट टूटने की घटना की चपेट में आ गए। हादसे में कुल 11 शिक्षक घायल हो गए। अचानक हुए इस हादसे से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था और लिफ्ट के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, सदर तहसील से संबंधित सरकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक जीडी गोयनका स्कूल पहुंचे थे। इसी दौरान लिफ्ट टूटने से उसमें सवार शिक्षक हादसे का शिकार हो गए। घायल सभी शिक्षक कुड़वार विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में तैनात बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।घायलों में मोहम्मद कलीम खान, सीमा सिंह, रीतू सिंह, राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, अर्जुन प्रसाद, नीमर दास, अरुणेंद्र सिंह, बृजेश कुमार, मृदुल देव तिवारी (शिक्षामित्र, प्राथमिक विद्यालय खरगिनपुर), मोहम्मद शरीफ और प्रियंका शुक्ला शामिल हैं।

इनमें कुछ घायलों का इलाज जिला मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जबकि अधिकांश घायलों को गोराबारिक स्थित मां भगवती ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।हादसे की जानकारी मिलते ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता, तहसीलदार सदर अभिनव सिंह, नायब तहसीलदार प्रभात चंद्र पांडेय व अन्य अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और घायल शिक्षकों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। हादसे के कारणों और संबंधित परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।घटना के बाद शिक्षक संगठनों में नाराजगी देखने को मिली। शिक्षक संगठनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए लिफ्ट की सुरक्षा और उसके रखरखाव को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शिक्षक सरकारी कार्य के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। ऐसे में हादसे में घायल हुए शिक्षकों के उपचार की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन को उठानी चाहिए। जिला प्रशासन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया कि जी.डी गोयनका पब्लिक स्कूल में आज शनिवार को जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण चल रहा था ,प्रशिक्षण सकुशल संपन्न होने के बाद प्रशिक्षक जब लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे,उसी दौरान लिफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई,जिसमेंं कुल 12 लोग घायल हो गए।जिला प्रशासन के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच कर सभी घायलों को उपचार हेतु नजदीकी हॉस्पिटल मां भगवती ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। घायलों 10 लोगों  का उपचार के बाद हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया,सभी अपने अपने घर चले गए है,दो लोग अभी भी हॉस्पिटल में एडमिट है जिनका उपचार चल रहा है,सभी लोगों की स्थिति सामान्य है।

कोई टिप्पणी नहीं