कुड़वार में तेज आवाज में डीजे बजाने पर 10 संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सुल्तानपुर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान कुड़वार कस्बे में तेज आवाज में डीजे बजाने और ध्वनि प्रदूषण के नियमों की अनदेखी करने के मामले में कुड़वार पुलिस ने 10 डीजे संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस की ओर से जारी तहरीर के मुताबिक, डीजे संचालकों को आवाज कम करने के लिए समझाया गया। लेकिन इसके बावजूद तेज आवाज में डीजे बजाने का सिलसिला जारी रहा। पुलिस ने इसे आम जनमानस के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए कार्रवाई की है।पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर की देर रात करीब 1:30 बजे उपनिरीक्षक अम्बरीश कुमार पाठक हमराह पुलिसकर्मियों के साथ मेला एवं त्योहार के दृष्टिगत शांति व्यवस्था ड्यूटी पर कस्बा कुड़वार से गोमती घाट तक भ्रमणशील थे।
इसी दौरान कस्बे में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के साथ चल रहे विभिन्न डीजे संचालकों के बीच तेज आवाज में डीजे बजाने की प्रतिस्पर्धा चल रही थी। अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाए जा रहे थे और उनके साथ बड़ी संख्या में लोग नाचते हुए चल रहे थे।तहरीर में उल्लेख किया गया है कि तेज आवाज से परेशान कस्बे के स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों ने पुलिसकर्मियों के पास पहुंचकर शिकायत की। लोगों का कहना था कि डीजे की तेज आवाज से धड़कन तेज हो रही है और सांस लेने में भी परेशानी महसूस हो रही है। एंबुलेंस से आने-जाने वाले मरीजों के तीमारदारों को भी इस शोर के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक-एक डीजे वाहन की जांच की। जांच के दौरान बादल डीजे, धड़कन डीजे, हैप्पी डीजे, शुभम इवेंट, हीरो म्यूजिक किंग, अमित डीजे, डीजे श्याम गोल्डन रथ, डीजे राजकोट, आजाद स्पीकर इंटरप्राइजेज राजकोट कुड़वार और डीजे ए रॉक्स के साउंड सिस्टम में बड़ी संख्या में साउंड बॉक्स और ट्वीटर हॉर्न लगे पाए गए।पुलिस की तहरीर के अनुसार, संबंधित वाहनों पर लगभग 12 से 18 साउंड बॉक्स तथा 24 से 35 तक ट्वीटर हॉर्न लगाए गए थे। पुलिस टीम ने डीजे संचालकों को उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा पर्यावरण एवं ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का हवाला देते हुए आवाज कम करने की हिदायत दी। आरोप है कि पुलिस की समझाने और मना करने के बावजूद संचालकों ने डीजे की आवाज कम नहीं की और फिर से तेज आवाज में बजाते हुए आपस में प्रतिस्पर्धा जारी रखी।पुलिस ने तहरीर में तेज ध्वनि से उत्पन्न कंपन और आम लोगों को हो रही परेशानी का उल्लेख करते हुए इसे जनस्वास्थ्य एवं कानून व्यवस्था के लिहाज से गंभीर मामला बताया है। इसी आधार पर कुड़वार पुलिस ने संबंधित 10 डीजे संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।गौरतलब है कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए कुड़वार कस्बे में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। पूरा कस्बा पुलिस छावनी में तब्दील रहा। डीआईजी अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन बर्मा, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक वृज नारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह और उपजिलाधिकारी सदर गरिमा सौनकिया लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे।प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की सक्रिय निगरानी के बीच विसर्जन शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए। इसी दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायतों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 10 संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई को ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




कोई टिप्पणी नहीं