UP में आज सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मिलेगा मौका
लखनऊ यूपी में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को सूची में शामिल करने के लिए 24 अक्टूबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कैंप का आयोजन व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित कराने और भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा है।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया है कि 24 अक्टूबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के इच्छुक पात्र नागरिकों को पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी जाएगी और आवेदन करने में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक मतदेय स्थल पर पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध रहें, ताकि नाम दर्ज कराने के इच्छुक नागरिकों को आवेदन के लिए परेशान न होना पड़े। इसके साथ ही प्रत्येक मतदेय स्थल पर हेल्प डेस्क भी सक्रिय रखी जाएगी। हेल्प डेस्क के माध्यम से नागरिकों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, आवेदन भरने और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी दी जाएगी।मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन अधिकारियों को कहा गया है कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक इस अभियान की जानकारी पहुंचाई जाए, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म-6 भरने के इच्छुक नागरिकों को आवेदन के साथ नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लेकर आने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा जन्म और निवास से संबंधित आवश्यक अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां भी साथ लानी होंगी। यदि उपलब्ध हो, तो परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र (एपिक) की संख्या भी आवेदन के साथ उपलब्ध कराई जा सकती है।विशेष कैंप का उद्देश्य एसआईआर के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को पंजीकरण का अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों को कैंपों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बीएलओ की उपस्थिति और फॉर्म-6 की उपलब्धता पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।निर्वाचन संबंधी इस अभियान के तहत पात्र नागरिक अपने नजदीकी मतदेय स्थल पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं और मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। नागरिकों से अपील है कि वे निर्धारित समय के भीतर कैंप में पहुंचकर पंजीकरण संबंधी जानकारी प्राप्त करें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें।

कोई टिप्पणी नहीं