ब्रेकिंग न्यूज

जिला पोषण समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, अनुपस्थित अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश


सुल्तानपुर कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान राष्ट्रीय पोषण माह में जनपद को प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त होने की जानकारी दी गई। वहीं, योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और लंबित कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी, कुड़वार अनिला मलिक अनुपस्थित पाई गईं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।समीक्षा के दौरान बताया गया कि सितंबर माह में शून्य से छह साल तक के बच्चों का वजन पोषण ट्रैकर पर दर्ज करने की प्रगति 99.72 प्रतिशत रही। जनपद में 723 सैम तथा 3,234 मैम बच्चों को चिह्नित किया गया। ई-कवच पोर्टल पर चिह्नित बच्चों की फीडिंग में धनपतगंज और कुड़वार की प्रगति शून्य पाए जाने पर संबंधित एमओआईसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सितंबर माह में एनआरसी में 18 बच्चों को भर्ती कराया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कुपोषित बच्चों की समय से पहचान कर उन्हें एनआरसी में भर्ती कराने पर विशेष जोर दिया।गर्भवती महिलाओं के गृह भ्रमण में जनपद की प्रगति 98.77 प्रतिशत तथा लाभार्थियों के मोबाइल सत्यापन में 99.85 प्रतिशत रही। अधिकारियों को इस प्रगति को बनाए रखने और शेष लाभार्थियों का सत्यापन शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। पोषण ट्रैकर पर 712 लाभार्थियों का फेस कैप्चर लंबित मिलने पर उसे जल्द पूरा करने को कहा गया।टीएचआर वितरण की समीक्षा में सितंबर माह की प्रगति 96.07 प्रतिशत पाई गई, जबकि अखंडनगर की प्रगति 94.54 प्रतिशत रही। मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने सभी पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत पोषाहार वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व चौथी जांच की प्रगति 33.73 प्रतिशत तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पंजीकरण की प्रगति 66.7 प्रतिशत पाए जाने पर सुधार लाने को कहा गया। पीपी कमैचा में पंजीकरण की प्रगति मात्र 51 प्रतिशत रहने पर सीडीओ साहब ने नाराजगी जताई।बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 48 केंद्रों पर बर्तनों के अभाव में हॉट कुक्ड मील तैयार नहीं हो पा रहा है। वहीं, 17 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण अधूरा है तथा कायाकल्प के लिए चिह्नित 75 केंद्रों में से केवल 12 का कार्य पूरा हुआ है। मुख्य विकास अधिकारी महोदय  ने सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।जल जीवन मिशन के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर नल से जल की आपूर्ति की प्रगति 57.22 प्रतिशत रही। कादीपुर में यह 28.85 प्रतिशत तथा दोस्तपुर में मात्र 18.99 प्रतिशत पाई गई। सीडीओ साहब ने अधिशासी अभियंता, जल निगम को सभी केंद्रों पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। विद्युत कनेक्शन के लिए लंबित आगणन शीघ्र उपलब्ध कराने तथा आवश्यक धनराशि मिलने पर केंद्रों पर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।मुख्य विकास अधिकारी  ने कहा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाना प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करें और लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराएं।बैठक में प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी दयाराम, डीसी मनरेगा अजीत सिंह,  बाल विकास परियोजना अधिकारी फूल कुमार,राजेन्द्र प्रसाद प्रवीण विश्कर्मा,राहुल त्रिपाठी,पूजा त्रिपाठी,ममता नायक  तथा पोषण अभियान से डीसी उमेश तिवारी डीपीए अमर पाल बीसी सचिन तिवारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं