ब्रेकिंग न्यूज

डीजे के शोर पर कुड़वार पुलिस का एक्शन, दो संचालकों पर केस

 


सुल्तानपुर दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा स्थापना के दौरान मानक से अधिक ध्वनि में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कुड़वार पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को कस्बे में तेज आवाज और हाई बेस के साथ डीजे बजाने के मामले में पुलिस ने दो डीजे संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उपनिरीक्षक अम्बरीश पाठक की तहरीर पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण यादव ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को कस्बा कुड़वार में प्रतिमा लाने के दौरान राजकोट डीजे और महेश डीजे, महुली प्रतापगढ़ द्वारा निर्धारित मानकों का पालन किए बिना तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। मामले का संज्ञान लेते हुए कुड़वार पुलिस ने दोनों डीजे संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद तेज आवाज वाले डीजे पर सख्ती

जिले में डीजे की तेज आवाज को लेकर लगातार विरोध के बीच मामला हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ तक पहुंच चुका है। इस संबंध में जनहित याचिका (पीआईएल) भी दाखिल की गई थी। बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट ने जिले के थानाध्यक्षों सहित संबंधित उपजिलाधिकारियों को ध्वनि मानकों के अनुरूप डीजे संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।    

     

                                                     

इसके बाद पुलिस प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।कुड़वार थाना  प्रभारी निरीक्षक प्रवीण यादव ने स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार ही डीजे का संचालन किया जा सकेगा। निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों और मनमानी करने वाली समितियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि बड़े डीजे मंगाने वाली समितियों के पदाधिकारियों को भी हाईकोर्ट के आदेश से संबंधित नोटिस तामील कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य आयोजनों के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखना और आम लोगों को तेज आवाज से होने वाली परेशानी से बचाना है।पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ ध्वनि मानकों का पालन भी सुनिश्चित कराया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।कुड़वार पुलिस की इस कार्रवाई के बाद डीजे संचालकों और आयोजन समितियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप ही डीजे बजाने का संदेश दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं