बलरामपुर में भीषण हादसा: 3 की मौत, 2 गंभीर घायलों को लखनऊ रेफर
बलरामपुर जिले में दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे मंदिर पर आयोजित पूजा कार्यक्रम में शामिल लोगों को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने को कहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बेलहा-चरनगहिया गांव में सड़क किनारे स्थित मंदिर पर दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया था। धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और वहां मौजूद लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सात लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। अचानक हुए इस हादसे से पूजा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया है।घायलों के उपचार को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क है। घायलों का हाल जानने के लिए सीएमओ भी मौके पर पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर नजर रखी जा रही है।दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की और सीमावर्ती क्षेत्र में नाकेबंदी कर कार को पकड़ लिया।पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में कार चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनपद बलरामपुर में एक व्यक्तिगत कार्यक्रम के दौरान हुई दुर्घटना में लोगों की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। वहीं, हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में राहत मिल सके।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति प्राप्त हो तथा शोकाकुल परिजनों को इस अथाह दुख को सहन करने की शक्ति मिले। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।


कोई टिप्पणी नहीं