ब्रेकिंग न्यूज

सीएम योगी ने पंडालों की सुरक्षा जांचने के दिए निर्देश


लखनऊ कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे के बाद यूपी में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने स्पष्ट किया है कि पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था और लोगों के आने-जाने के रास्तों की जांच कर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित कराने को कहा गया है। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि क्षेत्र में पहुंचकर पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि पंडालों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम मौजूद हों और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध रहें। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के सभी मानकों का पालन कराना आवश्यक बताया गया है।दुर्गा पूजा पंडालों में आग लगने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए सीएम योगी ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को पंडालों में आग से बचाव के लिए किए गए इंतजामों की जांच करनी होगी। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में कोई बाधा न आए।पंडालों में सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर उन्हें दूर कराने पर जोर दिया गया है।ताकि पूजा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सीएम योगी  ने दुर्गा पूजा पंडालों के प्रवेश और निकास द्वारों की व्यवस्था की भी जांच करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्ते सुचारु रहें और भीड़ के कारण किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।इसके साथ ही पंडालों में आपातकालीन निकास द्वारों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया है।दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली के कनेक्शन, वायरिंग और अन्य विद्युत व्यवस्थाओं की जांच कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को यह देखना होगा कि बिजली से संबंधित व्यवस्थाएं सुरक्षित हों और शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हों।पंडालों में रोशनी और सजावट के लिए इस्तेमाल होने वाली विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा पर भी ध्यान देने को कहा गया है, ताकि किसी तकनीकी खामी के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा खतरे में न पड़े। सीएम ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को पंडालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और आवश्यक सुधार सुनिश्चित कराने को कहा गया है।कोलकाता में हुए हादसे के बाद उत्तर प्रदेश सरकार का जोर इस बात पर है कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही से बचा जाए। अग्नि सुरक्षा, बिजली व्यवस्था और आपातकालीन निकास जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।

कोई टिप्पणी नहीं