दुर्गा पूजा की सुरक्षा को लेकर SP सख्त, चांदा-कोइरीपुर में पैदल गश्त कर परखी व्यवस्था
सुल्तानपुर शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा के मद्देनजर जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने क्षेत्राधिकारी लम्भुआ ऋतिक कपूर के साथ थाना चाँदा क्षेत्र के चाँदा कस्बा एवं कोइरीपुर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने दोनों स्थानों पर स्थापित दुर्गा प्रतिमा पंडालों का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडालों में सुरक्षा के इंतजामों का अवलोकन करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने धार्मिक आयोजनों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, नियमित पैदल गश्त करने और संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी पुलिस निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि दुर्गा प्रतिमा पंडालों में सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही, त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।उन्होंने आपसी सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
कोई टिप्पणी नहीं