कुड़वार में दुर्गा पूजा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे एसपी
सुल्तानपुर जिले में दुर्गा पूजा, दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शनिवार को कुड़वार थाने पहुंचकर थाना समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एसपी ने क्षेत्र में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों के आयोजकों से बातचीत कर सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने आयोजकों को निर्देशित किया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए। पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो और लोग शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें।
एसपी विनीत जायसवाल ने डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। तेज आवाज में डीजे बजाकर आमजन को परेशान करने अथवा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एसपी ने कुड़वार कस्बे में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि पूजा स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।इसके बाद एसपी कुड़वार राजघाट स्थित दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। विसर्जन स्थल पर पर्याप्त सतर्कता बरतने के साथ ही किसी भी संभावित अव्यवस्था से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। एसपी ने प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार को निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा, दशहरा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ पुलिसकर्मियों की सक्रियता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखें और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करें।एसपी के निरीक्षण के बाद क्षेत्र में त्योहारों को लेकर पुलिस की सतर्कता और बढ़ गई है।




कोई टिप्पणी नहीं