ब्रेकिंग न्यूज

सीताकुंड घाट का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का लिया जायजा


सुल्तानपुर आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा के दृष्टिगत जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह व पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा अध्यक्ष नगर पालिका परिषद प्रवीण अग्रवाल, संबंधित अधिकारियों, केंद्रीय पूजा समिति के प्रतिनिधियों तथा पुलिस प्रशासन के साथ सीताकुण्ड घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान आगामी 26, 27 एवं 28 अक्टूबर को होने वाले दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों, घाट पर सुरक्षा व्यवस्था तथा गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित विसर्जन की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष गोमती नदी का जलस्तर पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है। आसपास के जनपदों में बाढ़ की स्थिति तथा लखनऊ क्षेत्र में जलस्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव को देखते हुए नदी के जलस्तर में और वृद्धि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के लिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने कहा कि जनपद में दुर्गा पूजा का पर्व बड़े उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था एवं परंपराओं का सम्मान करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। डीएम ने घाट पर सुरक्षित विसर्जन के लिए आवश्यक संरचनात्मक व्यवस्थाएं विकसित करने के संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), सीएनडीएस एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तीनों विभाग आपसी समन्वय से घाट की वर्तमान स्थिति एवं जलस्तर को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त संरचना एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से प्रतिमा विसर्जन कर सकें। उन्होंने बताया कि विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शासन स्तर से एसडीआरएफ की तैनाती हेतु किया गया अनुरोध स्वीकृत हो गया है। इसके अतिरिक्त स्थानीय गोताखोरों एवं मछुआरों से भी समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि घाट पर सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण कर लिए जाएं तथा विसर्जन के दौरान सतर्कता एवं निगरानी बनाए रखी जाए। जिलाधिकारी  ने कहा कि गोमती नदी के जलस्तर की नियमित निगरानी की जा रही है तथा लखनऊ सहित अन्य क्षेत्रों में जलस्तर की स्थिति को ध्यान में रखते हुए संभावित परिस्थितियों का आकलन किया जा रहा है। वर्तमान स्थिति में घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन जलस्तर में आगामी एक-दो दिनों के दौरान संभावित वृद्धि को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। उन्होंने बताया कि संबंधित वार्ड चौकियों, लेखपालों एवं पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे किसी भी संभावित परिस्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी  ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्रीय पूजा समिति एवं अन्य पूजा समितियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें तथा विसर्जन मार्ग, घाट पर आवागमन, सुरक्षा प्रबंध एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान एएसपी , सीओ सिटी, एसडीएम, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं