
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शारदीय नवरात्र से लेकर छठ महापर्व तक वरिष्ठ अधिकारी स्वयं क्षेत्र में उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उसकी समस्याओं को सुनें और उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित करें। सीएम योगी ने कहा कि शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम 24 घंटे के भीतर संतोषजनक जवाब मिलना चाहिए। अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल शिकायत सुनने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही भी दिखाई देनी चाहिए। सीएम योगी ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के सभी थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और जरूरत के अनुसार उन्हें आवश्यक सहायता, परामर्श तथा विधिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। महिला अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा। सीएम योगी ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्रवाई तेज करने तथा स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।शारदीय नवरात्र के दौरान प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सीएम योगी ने विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विंध्याचल धाम (मीरजापुर), देवीपाटन शक्तिपीठ (बलरामपुर), सिद्धपीठ मां शाकुंभरी देवी (सहारनपुर) और मां ललिता देवी शक्तिपीठ, नैमिषारण्य (सीतापुर) सहित प्रदेश के सभी प्रमुख देवी मंदिरों में अतिरिक्त कार्मिकों की तैनाती करने को कहा। सीएम योगी ने इन धार्मिक स्थलों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने नवरात्र और आगामी त्योहारों के दौरान निकलने वाली शोभायात्राओं तथा प्रतिमा विसर्जन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा और विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई समय से पूरी कर ली जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, नावों, कुशल गोताखोरों और जल पुलिस की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलाशयों और नदियों में विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। सीएम योगी ने शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएं। एम्बुलेंस, चिकित्सा दल और अग्निशमन वाहन आवश्यकतानुसार उपलब्ध रहें, ताकि किसी दुर्घटना या आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर लें। पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, अग्निशमन, नगर निकाय और परिवहन विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें, जिससे पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
सीसीटीवी, ड्रोन और सोशल मीडिया पर रहेगी निगरानी
कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रमुख धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के साथ सोशल मीडिया पर भी सतर्क नजर रखने को कहा। सीएम योगी ने निर्देश दिया कि भ्रामक और भड़काऊ सूचनाओं पर समय रहते ध्यान दिया जाए तथा किसी भी स्थिति में अफवाहों को फैलने न दिया जाए। प्रशासन और पुलिस को सूचनाओं का सत्यापन कर आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि शांति एवं सौहार्द का माहौल बना रहे।
शोभायात्रा मार्गों पर नहीं लगेंगी मांस-मदिरा की दुकानें
सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के मार्गों पर मांस एवं मदिरा की दुकानें नहीं लगने दी जाएं। संबंधित अधिकारी मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। त्योहारों के दौरान धार्मिक आस्था, जनभावनाओं और सार्वजनिक व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों का संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टेशनों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखी जाए और यात्रियों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो। परिवहन विभाग मांग के अनुसार बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करे, जबकि संबंधित अधिकारी बस अड्डों की व्यवस्थाओं पर नजर रखें। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, बिजली, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, ताकि प्रदेश में शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण के बीच सभी पर्व-त्योहार संपन्न हो सकें।
कोई टिप्पणी नहीं