ब्रेकिंग न्यूज

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: शहीद का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस ट्रक से टकराई, चार की मौत


सुलतानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन संख्या 79.6 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस चंडीगढ़/पंचकूला से शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर गाजीपुर/देवरिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान एंबुलेंस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई।


टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान एंबुलेंस चालक जसपाल (30), साजन सिंह (35), गौरव सिंह (28) और राम समुझ सिंह (40) के रूप में बताई गई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।घटना की सूचना मिलते ही हलियापुर थाना पुलिस और राहत टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल,अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी बल्दीराय भी घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे का जायजा लिया।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से घटना की जानकारी ली तथा राहत एवं बचाव कार्य के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में एंबुलेंस के अनियंत्रित  ट्रक से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि जिस एंबुलेंस में शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर अंतिम यात्रा के लिए ले जाया जा रहा था, उसी एंबुलेंस की दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई।

घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था को भी सामान्य कराया गया। हादसे की सूचना के बाद मृतकों के परिजनों को जानकारी देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हुई जनहानि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद है। इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे मृतकों के परिजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।मुख्यमंत्री ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से राहत एवं सहायता कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।


कोई टिप्पणी नहीं