ब्रेकिंग न्यूज

मिठाइयों पर अब ‘यूज बाई डेट’ लिखना अनिवार्य, 15 अक्टूबर से लागू होगी नई व्यवस्था


लखनऊ यूपी में मिठाई खरीदने वाले उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और हितों को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रदेश में 15 अक्टूबर 2026 से बिक्री के लिए प्रदर्शित और भंडारित मिठाइयों पर ‘यूज बाई डेट’ यानी उपयोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।नई व्यवस्था का सबसे अधिक असर खुली मिठाइयों की बिक्री पर पड़ेगा। अब तक खुली मिठाइयों के संबंध में उपयोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करने की अनिवार्यता नहीं थी। ऐसे में उपभोक्ताओं को मिठाई की ताजगी और उसके सुरक्षित उपभोग की अवधि के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाती थी। नई व्यवस्था के बाद मिठाई विक्रेताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार मिठाई के उपयोग की अंतिम तिथि स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी होगी।‘यूज बाई डेट’ प्रदर्शित होने से उपभोक्ता मिठाई खरीदते समय यह जान सकेंगे कि संबंधित उत्पाद का सुरक्षित रूप से उपयोग कब तक किया जा सकता है। इससे पुरानी या निर्धारित अवधि के बाद उपयोग योग्य न रहने वाली मिठाइयों की बिक्री पर भी प्रभावी नियंत्रण में मदद मिलने की उम्मीद है।खाद्य सुरक्षा विभाग की यह पहल खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।15 अक्टूबर 2026 से व्यवस्था प्रभावी होने के बाद मिठाई की दुकानों और प्रतिष्ठानों में बिक्री के लिए रखी गई मिठाइयों पर निर्धारित जानकारी प्रदर्शित करना जरूरी होगा। विभाग द्वारा नियमों के अनुपालन की निगरानी की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।अक्टूबर से दीपावली समेत कई प्रमुख त्योहारों का सिलसिला शुरू हो जाता है।ऐसे में मिठाइयों की मांग और बिक्री में भी तेजी आती है। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग खुली मिठाइयां खरीदते हैं। ऐसे में मिठाइयों पर उपयोग की अंतिम तिथि का स्पष्ट उल्लेख उपभोक्ताओं को खरीदारी के समय महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएगा।नई व्यवस्था का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की सुरक्षा, गुणवत्ता और पारदर्शिता को बढ़ावा देना तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

कोई टिप्पणी नहीं