सुल्तानपुर में 26 सितंबर को जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में रहेगा अवकाश
सुल्तानपुर जिले में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर 26 सितंबर शनिवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश जिले में संचालित सभी बोर्डों के विद्यालयों पर लागू रहेगा।
मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। मौसम विभाग की ओर से आगामी समय में भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना को लेकर चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में बच्चों को विद्यालय आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानियों और जोखिम को देखते हुए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया।जिला प्रशासन के इस निर्णय के बाद कक्षा 1 से 12 तक के सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 26 सितंबर को शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्कूल नहीं जाना होगा।जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने अवकाश की पुष्टि करते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालय बंद रहेंगे। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।प्रशासन ने जिलेवासियों से भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। परिस्थितियों के अनुसार आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।



कोई टिप्पणी नहीं