यूपी होमगार्ड में भर्ती का एक और दौर, 7600 पदों पर नियुक्ति की तैयारी
लखनऊ उत्तर प्रदेश में होमगार्ड संगठन को और मजबूत करने की कवायद शुरू हो गई है। होमगार्ड स्वयंसेवकों के 41,424 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 7,600 अन्य रिक्त पदों पर भी भर्ती की तैयारी की जा रही है। इन पदों में लिपिक संवर्ग, ब्लॉक ऑर्गनाइजर और प्लाटून कमांडर समेत अन्य पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है और शासन की मंजूरी मिलने के बाद सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू किए जाने की तैयारी है।प्रदेश में होमगार्ड स्वयंसेवकों के कुल 1,18,348 पद स्वीकृत हैं। इनमें वर्तमान में करीब 69,324 पदों पर स्वयंसेवक कार्यरत हैं। वहीं 41,424 पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से एनरोलमेंट की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा प्रदेश के 12 जिलों में आयोजित की जा रही है।41,424 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के बावजूद संगठन में नियतन के अनुसार करीब 7,600 पदों की कमी बनी रहेगी। इसे पूरा करने के लिए अब विभिन्न संवर्गों के रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इन पदों को भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इससे होमगार्ड संगठन में स्वीकृत पदों के सापेक्ष उपलब्ध मानव संसाधन को मजबूत किया जा सकेगा।होमगार्ड स्वयंसेवकों की सेवाएं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों में भी ली जाती हैं। विधानसभा चुनाव जैसे बड़े आयोजनों के दौरान भी होमगार्ड स्वयंसेवकों की बड़ी संख्या में ड्यूटी लगाई जाती है। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा भी जरूरत के अनुसार होमगार्ड की सेवाएं ली जाती हैं।जिसके बदले संबंधित विभागों की ओर से भुगतान किया जाता है।होमगार्ड संगठन में लिपिक संवर्ग, ब्लॉक ऑर्गनाइजर और प्लाटून कमांडर समेत अन्य पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है। शासन की मंजूरी मिलने के बाद इन पदों पर सीधी भर्ती की कवायद शुरू होने की उम्मीद है। इससे संगठन में प्रशासनिक और मैदानी स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी तथा विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए होमगार्ड संगठन को अतिरिक्त मानव संसाधन मिल सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं