भारी बारिश को लेकर सुल्तानपुर में अलर्ट, कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल आज बंद
सुल्तानपुर भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के मद्देनजर जिले में भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने 25 और 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है।
इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं का भी पूर्वानुमान है।मौसम की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में कक्षा 1 से 12 तक के सभी बोर्डों के विद्यालयों में 25 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है। आदेश का उद्देश्य खराब मौसम के दौरान छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम को देखते हुए सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने तथा यात्रा करने से बचें।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास कर घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन द्वारा मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा संबंधित विभागों और तहसील स्तर के अधिकारियों को आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान सुरक्षित एवं पक्के भवन में रहें। वज्रपात के समय पेड़, बिजली के खंभे, खुले मैदान और जलाशयों के आसपास न जाएं। निचले और जलभराव वाले क्षेत्रों, नालों तथा नदी-नालों के आसपास जाने से भी बचने की सलाह दी गई है।जलमग्न सड़कों, पुलों और रपटों को पार करने का प्रयास न करने की अपील की गई है। तेज हवाओं के दौरान कमजोर भवनों, कच्ची दीवारों और अस्थायी संरचनाओं से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।प्रशासन ने किसानों से खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखने और मौसम सामान्य होने तक आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और पशुधन की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।जिलाधिकारी ने नागरिकों से मौसम संबंधी सही और अद्यतन जानकारी के लिए केवल अधिकृत सरकारी स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है। मौसम संबंधी चेतावनियों और स्थानीय जानकारी के लिए ‘सचेत (SACHET) ऐप का प्रयोग करने तथा समय-समय पर जारी चेतावनियों को गंभीरता से लेने की सलाह दी गई है।प्रशासन की ओर से जनपद में मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों से स्थानीय प्रशासन अथवा संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि सावधानी और सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।



कोई टिप्पणी नहीं