ब्रेकिंग न्यूज

सुल्तानपुर-हलियापुर मार्ग पर सूखे पेड़ों से हादसे का खतरा


सुल्तानपुर  से हलियापुर तक जाने वाले  मार्ग पर सड़क किनारे खड़े सैकड़ों सूखे पेड़ राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे का सबब बने हुए हैं। कई स्थानों पर पेड़ पूरी तरह सूख चुके हैं और उनकी कमजोर शाखाएं कभी भी टूटकर सड़क पर गिर सकती हैं। इसके बावजूद अब तक इन पेड़ों को हटाने अथवा उनकी छंटाई कराने की प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से हादसे की आशंका बनी हुई है।सड़क के किनारे मुरलीनगर, बासी, गंजेड़ी, कुड़वार, वलीपुर और पारा बाजार समेत कई स्थानों पर बड़ी संख्या में सूखे पेड़ दिखाई दे रहे हैं। इनमें कई पेड़ ऐसे हैं। जिनकी जड़ें कमजोर हो चुकी हैं और तने भी क्षतिग्रस्त नजर आते हैं। तेज हवा या बारिश के दौरान इन पेड़ों अथवा उनकी बड़ी शाखाओं के सड़क पर गिरने से यातायात बाधित होने के साथ ही गंभीर दुर्घटना हो सकती है।वर्तमान समय में बारिश और तेज हवाओं का दौर चल रहा है। ऐसे में सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ और अधिक खतरनाक साबित हो सकते हैं। पेड़ गिरने की स्थिति में दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और बड़े वाहनों के चपेट में आने की आशंका बनी रहती है। खासकर रात के समय इन सूखे पेड़ों की स्थिति स्पष्ट दिखाई नहीं देने के कारण खतरा और बढ़ जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे सूख चुके पेड़ों को चिन्हित कर समय रहते हटाया जाना चाहिए। संबंधित विभाग को पूरे मार्ग का सर्वे कराकर ऐसे पेड़ों की सूची तैयार करनी चाहिए, जो दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। साथ ही कमजोर शाखाओं की छंटाई और पूरी तरह सूख चुके पेड़ों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जानी चाहिए।लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि सुल्तानपुर से हलियापुर तक मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क किनारे खड़े सूखे एवं जर्जर पेड़ों को तत्काल चिन्हित किया जाए। ताकि किसी बड़े हादसे से पहले आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं