3,567 नवचयनित शिक्षकों को मिले नियुक्ति पत्र, सीएम योगी बोले-शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की धुरी
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के लिए चयनित 3,567 प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता और सहायक अध्यापक अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर सीएम योगी ने नवचयनित शिक्षकों एवं उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं है।
बल्कि विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व, संस्कार और सामर्थ्य के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सीएम योगी ने कहा कि आज 3,567 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विगत एक सप्ताह में कुल 5,297 युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि शिक्षक की भूमिका किसी अन्य सेवा से भिन्न होती है। एक प्रशासनिक अधिकारी अपने प्रशासनिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन कर सकता है, लेकिन वह आवश्यक रूप से एक अच्छा शिक्षक नहीं हो सकता। शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने और उनके व्यक्तित्व को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल कक्षा में विषय का ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं है, बल्कि वह विद्यार्थियों के संस्कार, अनुशासन, सोच और सामर्थ्य को विकसित करने में भी योगदान देता है। इसलिए शिक्षकों की जिम्मेदारी समाज के प्रति भी महत्वपूर्ण है। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षकों सहित शिक्षा कार्मिकों को कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई है। यह सुविधा केवल राजकीय शिक्षकों तक सीमित नहीं है।बल्कि शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी इसका लाभ दिया गया है।उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को भी कैशलेस उपचार की सुविधा का लाभ दिया गया है। सरकार का उद्देश्य शिक्षा से जुड़े कार्मिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे बेहतर ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। सीएम योगी ने नियुक्ति-पत्र प्राप्त करने वाले सभी नवचयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अपनी भूमिका को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देने वाले महत्वपूर्ण संस्थान हैं। ऐसे में शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार और जीवन मूल्यों से भी जोड़ें।


कोई टिप्पणी नहीं