ब्रेकिंग न्यूज

डीएम की पहल पर शाहगंज चौराहे से दरियापुर फ्लाईओवर के नीचे शिफ्ट हुआ श्रमिक जोन


सुल्तानपुर प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम के तहत श्रमिकों के कल्याण एवं उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।  इसी क्रम में श्रमिकों को एक निर्धारित स्थान पर एकत्रित कर उन्हें रोजगार के साथ-साथ स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे श्रमिक जोन की स्थापना की गई है।

श्रमिकों के पुराने श्रमिक जोन को ध्यान में रखते हुए इसका पुनः संचालन शुरू कराया गया है, ताकि काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों को एक ही स्थान पर रोजगार के अवसरों के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कल्याणकारी सुविधाओं से जोड़ा जा सके। जिलाधिकारी ने दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थित श्रमिक जोन में पहुंचकर श्रमिकों से संवाद किया। उनके संवाद एवं पहल के बाद श्रमिक अब शाहगंज चौराहे से दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थित श्रमिक जोन में शिफ्ट हो गए हैं।

इससे एक ही स्थान पर काम की तलाश करने वाले श्रमिक जनपदवासियों को अब आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।जिलाधिकारी ने बताया कि दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे स्थित श्रमिक जोन में श्रमिकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, बिजली, पानी सहित विभिन्न आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच एवं उपचार के लिए यहां 07 दिवसीय मेडिकल कैम्प लगाया गया है। शिविर में टीबी, बुखार, आंखों की जांच, शुगर, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। भविष्य में भी समय-समय पर मेडिकल कैम्प आयोजित किए जाएंगे।

श्रमिक जोन की व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनीटरिंग के लिए टीम गठित की गई है। जिलाधिकारी  ने बताया कि श्रमिकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। इसके अंतर्गत उनके आयुष्मान कार्ड एवं श्रमिक कार्ड बनाए जा रहे हैं तथा पात्र श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।  निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी  ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रमिक जोन में आने वाले श्रमिकों का पंजीकरण कराते हुए उन्हें श्रम विभाग की पात्र योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। प्रस्तावित स्वास्थ्य शिविरों में एक्स-रे मशीन, मोबाइल एंबुलेंस एवं मोबाइल मेडिकल यूनिट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे श्रमिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उनके कार्यस्थल के निकट ही उपलब्ध हो सकें।   जिला प्रशासन का उद्देश्य श्रमिकों को उनके श्रम का उचित एवं समय से मानदेय दिलाना भी है। यदि कोई व्यक्ति अथवा संस्था श्रमिकों को समय से मानदेय का भुगतान नहीं करती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा श्रमिकों सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं