सुल्तानपुर SP ने युवाओं का किया उत्साहवर्धन, बोले—रक्तदान से बचाई जा सकती है किसी की जिंदगी
सुलतानपुर जिला अस्पताल में रविवार को घर फाउंडेशन की ओर से युवा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं, विशेषकर पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं को रक्तदान की मुहिम से जोड़ना रहा। शिविर में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर एसपी ने कहा कि रक्तदान एक पुनीत एवं मानवीय कार्य है।
जरूरत के समय दिया गया रक्त किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से स्वेच्छा से रक्तदान करने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि समाज के प्रति युवाओं की सकारात्मक सहभागिता प्रेरणादायक है। रक्तदान जैसे मानवीय कार्य में अधिक से अधिक युवाओं को आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी युवाओं और घर फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सराहना की।शिविर की खास पहल पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं को इस मुहिम से जोड़ना रही।
आयोजकों का उद्देश्य युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए उन्हें नियमित रूप से इस सामाजिक कार्य में सहभागी बनाना है।कार्यक्रम के दौरान जिला अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा घर फाउंडेशन के अध्यक्ष अनुराग गुप्ता, उपाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल व हिमांशु श्रीवास्तव, सचिव हिमांशु अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शिव प्रसाद वर्मा, प्रबंधक गौरव सहित अनंत, सनी, अनूप गुप्ता, प्रह्लाद और विकास गुप्ता समेत फाउंडेशन के सदस्य तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं