ब्रेकिंग न्यूज

CEIR पोर्टल ने लौटाई मोबाइल की ‘खुशी’, सुलतानपुर पुलिस ने 151 गुम मोबाइल बरामद कर धारकों को सौंपे


सुलतानपुर जिले में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सुलतानपुर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत सर्विलांस सेल एवं जनपदीय पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अलग-अलग कंपनियों के 151 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार एसपी विनीत जायसवाल के निर्देशन में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में एएसपी वृजनारायण सिंह के निकट पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल ने जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों के साथ समन्वय स्थापित किया।मोबाइल धारकों की ओर से अपने मोबाइल फोन गुम होने के संबंध में CEIR पोर्टल तथा संबंधित थानों पर दर्ज कराई गई शिकायतों को अभियान के दौरान चिह्नित किया गया। सर्विलांस सेल ने तकनीकी माध्यमों से इन मोबाइल फोन की तलाश करते हुए अलग-अलग कंपनियों के कुल 151 मोबाइल फोन बरामद किए।बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों की पहचान एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें सुपुर्द कर दिए गए। लंबे समय बाद अपना गुम हुआ मोबाइल वापस मिलने पर मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। मोबाइल धारकों ने सुलतानपुर पुलिस की कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, CEIR पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक कराने और उनकी बरामदगी में महत्वपूर्ण तकनीकी माध्यम के रूप में उपयोग किया जा रहा है। सुलतानपुर पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में शिकायतों का संज्ञान लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

आवेदक द्वारा की जाने वाली आवश्यक कार्यवाही

भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (Department of Telecommunications) द्वारा नागरिकों की सुविधा हेतु “CEIR (Central Equipment Identity Register)” पोर्टल प्रारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने गुम/चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक या अनब्लॉक कर सकता है।

प्रक्रिया इस प्रकार है-
1. पोर्टल लिंक पर जाएं – https://www.ceir.gov.in/General/index.jsp
2. “Block Stolen/Lost Mobile” विकल्प चुनें।
3. मोबाइल का IMEI नंबर, सिम विवरण, और शिकायत संख्या दर्ज करें।
4. थाना स्तर से सत्यापन उपरांत मोबाइल को ट्रैक करने की कार्रवाई की जाती है।

5. जब मोबाइल बरामद हो जाए तो “Unblock Found Mobile” विकल्प से मोबाइल को अनब्लॉक करें।
6. मोबाइल गुम होने के पश्चात साइबर अपराध की संभावना बढ़ जाती है, अतः संबंधित सिम को तुरंत बंद कराकर दोबारा री-इश्यू (Reissue) कराएं, जिससे किसी भी प्रकार के दुरुपयोग की संभावना समाप्त हो जाए।
7. मोबाइल खरीदते समय उसका IMEI नंबर नोट कर सुरक्षित रखें।
8. यदि मोबाइल गुम/चोरी हो जाए तो तुरंत निकटतम थाना या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
9. किसी भी अनजान व्यक्ति या लिंक पर व्यक्तिगत जानकारी या बैंकिंग डिटेल साझा न करें।
10. गुमशुदा मोबाइल की रिपोर्ट थाना पुलिस व CEIR पोर्टल दोनों पर दर्ज करें ताकि ट्रैकिंग शीघ्र आरंभ हो सके।

सुलतानपुर पुलिस आमजन से विशेष अपील करती है कि गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन की सूचना तत्काल CEIR पोर्टल पर दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराएँ, जिससे न केवल मोबाइल के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगे बल्कि तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से उसकी शीघ्र एवं सुरक्षित बरामदगी संभव हो सके।


कोई टिप्पणी नहीं