ब्रेकिंग न्यूज

जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां तेज, पहली बार दर्ज होगी जाति की जानकारी


लखनऊ आगामी जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस चरण में नागरिकों से परिवार और उसके सदस्यों से जुड़ी करीब 40 प्रकार की जानकारियां जुटाई जाएंगी। खास बात यह है कि इस बार जनगणना में पहली बार जाति से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी। जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले संबंधित कर्मचारियों की एक सप्ताह की प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।दूसरे चरण की शुरुआत स्वगणना से होगी। इसके लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर तक 15 दिनों का समय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना के दौरान परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़ी निर्धारित जानकारियां ऑनलाइन फॉर्म में उपलब्ध करानी होंगी।इसके बाद एक दिसंबर से जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचकर स्वगणना के दौरान दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे और आवश्यकतानुसार डेटा संग्रह की प्रक्रिया पूरी करेंगे। जिन परिवारों ने स्वगणना के दौरान ऑनलाइन फॉर्म भर दिया होगा, उनके यहां जनगणना कर्मी आईडी के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी करेंगे। वहीं जिन परिवारों ने ऑनलाइन स्वगणना नहीं की होगी, उनके घर पहुंचकर कर्मचारी स्वयं निर्धारित प्रपत्र में जानकारी दर्ज करेंगे।जनगणना के फॉर्म में परिवार के सदस्यों की बुनियादी जानकारी के साथ उनकी शैक्षणिक योग्यता, पेशा, रहन-सहन और सामाजिक-आर्थिक स्थिति से जुड़े विभिन्न विवरण दर्ज किए जाएंगे। इसके साथ ही परिवार के सदस्यों की जाति से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी।जनगणना के माध्यम से एकत्र किए जाने वाले आंकड़ों के आधार पर देश में परिवारों और नागरिकों से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक आंकड़े तैयार किए जाएंगे। इन आंकड़ों का उपयोग नीतियों और विभिन्न योजनाओं के लिए आवश्यक सांख्यिकीय जानकारी तैयार करने में किया जा सकेगा।अधिकारियों ने नागरिकों से जनगणना के दौरान मांगी जाने वाली जानकारी सही-सही उपलब्ध कराने की अपील की है। लोगों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है। साथ ही घर पर जनगणना कर्मियों के पहुंचने पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।अधिकारियों के अनुसार, नागरिकों से प्राप्त जानकारी को गोपनीय रखा जाएगा और जनगणना के निर्धारित उद्देश्य के अलावा उसका उपयोग नहीं किया जाएगा। ऐसे में नागरिक बिना किसी भ्रम या संकोच के मांगी गई जानकारी सही रूप में उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक और उपयोगी तैयार किए जा सकें।

कोई टिप्पणी नहीं