ब्रेकिंग न्यूज

ऊर्जा, शिक्षा और स्वास्थ्य में नया काम करने वाले प्रधानों को डीएम देंगे सहयोग


सुल्तानपुर संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर डीएम इंद्रजीत सिंह ने लम्भुआ में ग्राम प्रधानों के साथ संवाद कर ग्राम पंचायतों से जुड़ी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम प्रधानों से गांवों में संचालित विकास कार्यों की स्थिति के साथ-साथ ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। डीएम ने ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा आमजन को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों को मिल सके और किसी भी स्तर पर आमजन को असुविधा न हो।डीएम ने ग्राम प्रधानों से कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की प्राथमिकता तय की जाए और गांव की जरूरत के अनुरूप योजनाओं को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, जल निकासी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने ग्राम प्रधानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि कोई प्रधान अपनी ग्राम पंचायत के लिए कुछ अलग और बेहतर करना चाहता है तथा ऊर्जा, शिक्षा या स्वास्थ्य के क्षेत्र में कोई नया कार्य शुरू करने की पहल करना चाहता है। तो वह सीधे उनके समक्ष अपना प्रस्ताव लेकर आए। डीएम ने कहा कि पंचायत स्तर पर नवाचार और जनहित में किए जाने वाले ऐसे कार्यों के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। डीएम ने ग्राम प्रधानों से गांव की वास्तविक समस्याओं और विकास की संभावनाओं को लेकर निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को और प्रभावी बनाया जा सकता है। इस दौरान ग्राम प्रधानों ने भी अपनी-अपनी पंचायतों से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव डीएम के समक्ष रखे।

कोई टिप्पणी नहीं