एसपी ने कुड़वार और राजापुर में किया पैदल गश्त, दुर्गा पूजा पंडालों का लिया जायजा
सुल्तानपुर दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने थाना कुड़वार क्षेत्र के कुड़वार कस्बे एवं राजापुर में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
एसपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्योहार के दौरान सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।पैदल गश्त के दौरान एसपी ने दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल समितियों के सदस्यों से बातचीत कर आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने पर जोर दिया।एसपी ने दुर्गा पूजा पंडाल समिति के सदस्यों से पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखी जा सके। उन्होंने डीजे संचालकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि रखने तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने त्योहार को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़भाड़ और सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा तैयारियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने और क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकें।

कोई टिप्पणी नहीं