ब्रेकिंग न्यूज

कसारी मसारी अब कहलाएगा ‘कृष्णपुरी’, माफिया की जमीन पर बसेंगे गरीब: सीएम योगी


लखनऊ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माफिया अतीक अहमद के प्रभाव वाले रहे प्रयागराज के कसारी मसारी इलाके से बड़ा सियासी संदेश दिया। उन्होंने कसारी मसारी का नाम बदलकर ‘कृष्णपुरी’ करने की घोषणा की। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में माफियागीरी और अवैध कब्जे के लिए कोई जगह नहीं है।

माफिया ने दोबारा सिर उठाने की कोशिश की तो उसे मिट्टी में मिलना पड़ेगा। अवैध कब्जा करने वालों को अपनी करतूतों की कीमत चुकानी होगी। उनकी अवैध संपत्तियों पर गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे। सीएम योगी बृहस्पतिवार को कसारी मसारी में माफिया अतीक अहमद के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर पद्म आवास योजना के भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस जमीन पर दो बेडरूम वाले 602 फ्लैट बनाए जाने हैं। सीएम योगी ने कहा कि कभी जिस जमीन पर माफिया का दबदबा था।

आज वहां गरीब परिवारों के लिए आवास बनने जा रहे हैं। यह प्रदेश में कानून के राज और सुशासन की दिशा में हुए बदलाव का उदाहरण है।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक समय प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ का आतंक था। दोनों जहां पैर रखते थे, वहां जमीन पर कब्जा करने का दुस्साहस करते थे। तत्कालीन सपा सरकार माफिया के सामने घुटने टेकती थी और अपराधी असलहा लहराकर लोगों में दहशत फैलाते थे। आम नागरिकों की जमीन पर अवैध कब्जे किए जाते थे, लेकिन उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती थी।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद माफिया और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अवैध कब्जों से जमीन मुक्त कराई गई और कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया। अब उसी जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं। कसारी मसारी में पद्म आवास योजना इसी बदलाव का उदाहरण है।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल माफिया के कब्जे से जमीन खाली कराना नहीं, बल्कि उस जमीन का इस्तेमाल जनहित में करना भी है। गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराकर सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई संपत्ति का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे। सीएम योगी ने प्रयागराज के लूकरगंज का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी माफिया अतीक अहमद के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों का निर्माण कराया गया था। अब कसारी मसारी में पद्म आवास योजना के जरिए इसी दिशा में एक और कदम उठाया जा रहा है।सीएम योगी ने कहा कि जिस जमीन पर कभी अतीक अहमद का अस्तबल हुआ करता था, वहां अब गरीबों के लिए आवासीय योजना शुरू हो रही है। यह बदलाव बताता है कि प्रदेश में अब कानून का शासन है और सरकारी जमीन या दूसरों की संपत्ति पर अवैध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी। माफिया की अवैध संपत्तियों को मुक्त कराकर उनका उपयोग जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए किया जाएगा।

महाराजा बिजली पासी के नाम पर खुलेगा आईटीआई

पद्म आवास योजना के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में महाराजा बिजली पासी के नाम पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) स्थापित किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। सीएम ने महाराजा बिजली पासी को 12वीं शताब्दी का प्रतापी राजा और सनातन धर्म का प्रबल रक्षक बताते हुए कहा कि उनके नाम पर आईटीआई की स्थापना युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलेगी। तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार हासिल कर सकेंगे और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। आईटीआई जैसे संस्थान युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

32 हजार युवाओं को मिलेगी पुलिस की नौकरी

मुख्यमंत्री ने पुलिस भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में पुलिस भर्ती का परिणाम घोषित हुआ है। इसके माध्यम से 32 हजार नौजवानों को नौकरी मिलने जा रही है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।सीएम योगी ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस भर्ती के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को सेवा का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश की कानून व्यवस्था को और मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।


कोई टिप्पणी नहीं