सुल्तानपुर मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को लगी गोली, लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर
सुल्तानपुर जिले में मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को गोली लगने से हड़कंप मच गया। पेट में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान और उनके भाई को हिरासत में लिया है।
क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने घटना की पुष्टि की है।मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार देर शाम धनपतगंज थाना क्षेत्र के माधवपुर आचार्य गांव की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बेकरी से जुड़े विवाद को लेकर मढ़हा गांव निवासी ग्राम प्रधान राम मिलन वर्मा और उनके भाई दिनेश वर्मा का अर्जुन वर्मा के साथी अभिनव यादव निवासी मढ़हा, थाना कुड़वार से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान ग्राम प्रधान और उनके भाई ने अभिनव यादव पर लाइसेंसी बंदूक के बट से हमला कर दिया। इस दौरान मौके पर मारपीट शुरू हो गई।मारपीट होते देख माधवपुर आचार्य गांव निवासी प्रभुनाथ निषाद उर्फ सोनू निषाद (38) पुत्र स्वामीनाथ निषाद बीच-बचाव करने पहुंच गए। इसी दौरान उन्हें पेट में गोली लग गई। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल युवक को उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।बताया जा रहा है कि घायल सोनू निषाद अपनी मां के साथ अपने ननिहाल माधवपुर आचार्य गांव में रहता है।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान राम मिलन वर्मा और उनके भाई दिनेश वर्मा को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मारपीट और गोली लगने की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। विवाद के दौरान गोली कैसे चली और इसमें किसकी क्या भूमिका रही, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं