चक्रवात ‘अर्णब’ को लेकर सुलतानपुर में अलर्ट, डीएम ने की सतर्क रहने की अपील
सुलतानपुर बंगाल की खाड़ी में विकसित अति प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आगामी दिनों में मौसम प्रभावित होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा 27 अक्टूबर को अपराह्न 03:00 बजे जारी पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार 28 से 31 अक्टूबर के मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात, तेज झोंकेदार हवाओं तथा बेमौसम वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।मौसम विभाग द्वारा जारी जनपद स्तरीय पूर्वानुमान में जनपद के लिए विशेष रूप से सतर्क रहने की आवश्यकता बताई गई है। द29 अक्टूबर को जनपद में भारी वर्षा तथा मेघगर्जन/वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना वाले क्षेत्रों में सुलतानपुर को सम्मिलित किया गया है। 30 अक्टूबर को भी सुलतानपुर में मेघगर्जन, वज्रपात एवं तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है।जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान एवं चेतावनियों को गंभीरता से लें तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा जनसामान्य को समय से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सचेत ऐप डाउनलोड करने की अपील
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों एवं आपदा से बचाव की जानकारी समय से प्राप्त करने के लिए अपने मोबाइल फोन में ‘सचेत (SACHET) ऐप’ डाउनलोड करें।जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अतः सभी नागरिक मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर विश्वास करें।

कोई टिप्पणी नहीं