युवा-महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने का अभियान चलाएं: डीएम
सुल्तानपुर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के अंतर्गत मतदाता साक्षरता क्लब (ELC) के माध्यम से व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने के संबंध में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की उपस्थिति में संबंधित विभागों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से युवा एवं महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने पर जोर देते हुए कहा कि जनसंख्या के अनुपात में मतदाता सूची में पंजीकरण की कमी को दूर किया जाए तथा मतदाता सूची में जेंडर गैप को न्यूनतम करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही महिलाओं एवं अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक, डीसी एनआरएलएम, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस), सहायक श्रमायुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), नेहरू युवा केंद्र (NYK) सहित अन्य संबंधित विभागों एवं सामाजिक संगठनों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मतदाता साक्षरता एवं जागरूकता अभियान संचालित करें। जिलाधिकारी ने उपरोक्त सभी सम्बन्धित विभागों को निर्देशित किया कि सभी युवा एवं महिला मतदाताओं को प्रमुखता के आधार पर पंजीकरण कराने हेतु कैम्प का आयोजन करायें तथा सभी अपने-अपने विभागों से जुड़े हुए लोगों- छात्र/छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, आगनबाड़ी कार्यकत्रियों, विभिन्न फर्मो में कार्यरत श्रमिकों, आशा बहुओं, एएनएम, युवा कल्याण आदि को प्रमुखता के आधार पर जिनका पंजीकरण अभी तक नहीं हुआ है उनका मतदाता सूची में पंजीकरण अवश्य करायें। इस अवसर पर समस्त सम्बन्धित अधिकारीगण एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं