ब्रेकिंग न्यूज

छठ पूजा को लेकर सीताकुण्ड घाट पहुंचे एसपी , सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा


सुलतानपुर आगामी छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह के साथ कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित सीताकुण्ड घाट का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घाट पर छठ पूजा के अवसर पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि पूजा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी विशेष सतर्कता बरतें और लगातार निगरानी बनाए रखें।एसपी ने कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवागमन को सुचारु बनाए रखने, भीड़ को व्यवस्थित करने तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध समय से पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्व के दौरान लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को कहा। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने की हिदायत दी, जिससे छठ पूजा का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली नगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं