ब्रेकिंग न्यूज

सुलतानपुर में सजेगा ज्ञान-विज्ञान का महाकुंभ, चार प्रांतों के 1200 विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा


सुलतानपुर विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र की ओर से आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान, गणित एवं संस्कृति महोत्सव-2026 का शुभारंभ 12 नवंबर को सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ज्ञान कुंज, विवेकानंद नगर में होगा। 14 नवंबर को महोत्सव का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र की आठ समितियों एवं चार प्रांतों के सभी 49 जनपदों से लगभग 1200 विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। महोत्सव में विद्यार्थी विज्ञान, गणित एवं संस्कृति से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और ज्ञान का प्रदर्शन करेंगे।महोत्सव की पूर्व संध्या पर आयोजित पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संगठन मंत्री हेमचंद्र  ने कहा कि वैज्ञानिक चेतना और भारतीय ज्ञान परंपरा के समन्वय से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना विद्या भारती का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि व्यक्ति के प्राण, मन, बुद्धि और आत्मा का विकास विभिन्न ज्ञानेंद्रियों एवं अनुभवों के माध्यम से होता है। इसी विचार को केंद्र में रखकर विद्या भारती विद्यार्थियों के बहुआयामी विकास के लिए विभिन्न पाठ्य सहगामी प्रतियोगिताओं का आयोजन करती है।उन्होंने बताया कि विज्ञान, गणित एवं संस्कृति महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना और तार्किक क्षमता का विकास करना है। इसके साथ ही भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति गौरव का भाव जागृत करना तथा 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की भावना को विद्यार्थियों के जीवन में आत्मसात कराना भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही अन्य जनपदों के विद्यार्थियों के साथ विचारों एवं अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर भी मिलेगा।पत्रकार-वार्ता को कार्यक्रम के संयोजक, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के सदस्य डॉ. विनोद कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं प्रबंधक डॉ. पवन सिंह तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने महोत्सव के आयोजन और उसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।तीन दिनों तक चलने वाले इस क्षेत्रीय महोत्सव में चार प्रांतों के 49 जनपदों से आने वाले लगभग 1200 विद्यार्थियों की सहभागिता इसे शैक्षिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण आयोजन बनाएगी। महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान और गणित की समझ विकसित करने के साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा और ज्ञान-विज्ञान की विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा। 14 नवंबर को समापन समारोह के साथ इस क्षेत्रीय आयोजन का समापन होगा।

कोई टिप्पणी नहीं