ब्रेकिंग न्यूज

काशी में देव दीपावली की भव्य तैयारी, 11 लाख दीपों से जगमगाएंगे घाट और कुंड


लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है। इस आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं इस तरह सुनिश्चित की जाएं कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सीएम योगी ने अधिकारियों को पिछले वर्षों के अनुभवों और सामने आई समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस बार पहले से बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए।बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष गंगा महोत्सव का आयोजन 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर किया जाएगा। चारों दिन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा। सीएम योगी ने कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। ताकि काशी की सांस्कृतिक और लोककलाओं को व्यापक मंच मिल सके।अधिकारियों के मुताबिक इस बार वाराणसी के सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने वाले रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस आयोजन में महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए दीपकों को भी शामिल किया गया है। सीएम योगी ने निर्देश दिया कि देव दीपावली का उल्लास केवल गंगा घाटों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बल्कि पूरे काशी क्षेत्र में दीपोत्सव का वातावरण दिखाई देना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी विशेष दीपोत्सव की व्यवस्था की जाए। उन्होंने 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के अवसर पर गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत के लिए भी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने बताया कि 24 नवंबर की शाम वाराणसी के सभी प्रमुख घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इसके बाद चेतसिंह घाट पर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो आयोजित किया जाएगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा, जबकि काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। इन आयोजनों के माध्यम से काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक छटा को भव्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सीएम योगी को बताया कि पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में जोनल और सेक्टर प्रभारियों की तैनाती की गई है।सुरक्षा व्यवस्था के तहत घाटों पर 27 वॉच टावर स्थापित किए जाएंगे। त्वरित प्रतिक्रिया दल , 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड, निजी गोताखोर और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर के माध्यम से लगातार गश्त करेगी, जिससे भीड़ नियंत्रण और लोगों की सहायता में तेजी लाई जा सके।पिछले वर्ष देव दीपावली के दौरान नावों की भीड़ और आवागमन में सामने आई दिक्कतों से सबक लेते हुए इस बार नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन तैयार की गई है। इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी और गंगा के सामने रेतीले हिस्से की तरफ से अस्सी घाट से नमो घाट की ओर वापस लौटेंगी। नदी में डीजल चालित और गैर-जनपदीय बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी।नदी में सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस लगातार गश्त करेंगी। इसके अलावा चेतसिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन सक्रिय रहेगा। जिससे किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। सीएम योगी ने देव दीपावली के आयोजन को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरे शहर में 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देव दीपावली की रात दीपदान संपन्न होते ही घाटों की सफाई शुरू करा दी जाए।ताकि अगले दिन भोर में गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सीएम योगी ने टैक्सी, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से संवाद स्थापित कर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को उचित मूल्य पर सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि काशी आने वाले श्रद्धालु यहां से अच्छा अनुभव लेकर लौटें, इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ पर्यटन और सेवा क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों की जिम्मेदारी है।

कोई टिप्पणी नहीं