योगी सरकार 25 लाख युवाओं को बांटेगी टैबलेट, 15 नवंबर से अभियान का होगा आगाज
लखनऊ उत्तर प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। योगी सरकार प्रदेश के 25 लाख युवाओं को मुफ्त टैबलेट वितरित करने जा रही है। इसके लिए 15 नवंबर, रविवार से विशेष अभियान की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल से स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण अभियान का शुभारंभ करेंगे। पहले दिन करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के विद्यार्थी शामिल होंगे।सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आधुनिक तकनीक के माध्यम से पढ़ाई एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार का मानना है कि टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, डिजिटल लाइब्रेरी, शैक्षिक पाठ्यक्रम और अन्य जरूरी डिजिटल सुविधाओं तक आसानी से पहुंच मिल सकेगी। इसके साथ ही युवा विभिन्न ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए अपने कौशल को भी विकसित कर सकेंगे।प्रदेश सरकार ने युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2021-22 में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत अब तक प्रदेश के विद्यार्थियों को करीब 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं। अब सरकार ने 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटने की तैयारी की है। इसके लिए टैबलेट की आपूर्ति भी विभिन्न जिलों में शुरू की जा रही है, ताकि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पात्र विद्यार्थियों तक इनका वितरण सुनिश्चित किया जा सके।योजना का लाभ प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं को मिलेगा। इसमें स्नातक, परास्नातक और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा तकनीकी शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, कृषि शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े संस्थानों के छात्र-छात्राओं को भी योजना के दायरे में रखा गया है। केंद्रीय विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को भी इसका लाभ दिया जाएगा।इस योजना की खास बात यह है कि पात्रता के लिए विद्यार्थियों की कोई आय सीमा या उम्र सीमा निर्धारित नहीं की गई है। यानी निर्धारित शैक्षिक पात्रता पूरी करने वाले छात्र-छात्राएं योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इसके माध्यम से सरकार अधिक से अधिक युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है।सरकार का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी डिजिटल सुविधाओं तक पहुंच प्रदान करना भी है। टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थी घर बैठे ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जरूरी अध्ययन सामग्री प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा उन्हें सरकारी योजनाओं, रोजगार के अवसरों, कौशल प्रशिक्षण और विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी भी मिल सकेगी।सरकार का मानना है कि डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के साथ कदमताल करने का अवसर मिलेगा। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं के बीच डिजिटल सुविधाओं की दूरी कम करने में भी मदद मिलेगी। 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण की यह पहल प्रदेश के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं