ब्रेकिंग न्यूज

बच्चा चोरी कर बेचने वाले गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार


सुल्तानपुर कादीपुर कस्बे के रोडवेज बस स्टैंड से अपहृत एक वर्षीय मासूम बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर अपहरण की सनसनीखेज घटना का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने बच्चे का अपहरण करने वाली महिला और उसे 50 हजार रुपये में खरीदने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने महिला अभियुक्ता की निशानदेही पर बच्चे के विक्रय से प्राप्त 50 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की ओर से 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कादीपुर के निकट पर्यवेक्षण में थाना कादीपुर पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इस मामले का खुलासा किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।पुलिस के मुताबिक, सात नवंबर  को जौनपुर जनपद के थाना सरायख्वाजा क्षेत्र के ग्राम ककोरगहना निवासी रूबीना पत्नी रोशन ने थाना कादीपुर में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि वह अपने एक वर्षीय पुत्र तौफीक को लगभग आठ वर्षीय पुत्री के पास कादीपुर रोडवेज बस स्टैंड के बाहर छोड़कर पानी लेने चली गई थी। वापस लौटने पर बच्चा वहां से गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा  दर्ज किया था।मासूम के अपहरण की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल कई टीमों का गठन कर बच्चे की तलाश में लगाया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण करने के साथ सर्विलांस की मदद से संदिग्ध महिला की पहचान की गई। लगातार सुरागरसी और दबिश के बाद पुलिस ने ऊषा पत्नी सीताराम निवासी ग्राम सराय कल्याण, थाना कादीपुर को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पांच नवंबर को अभियुक्ता ऊषा ने पटेल चौराहे पर एक छोटी बच्ची को बहला-फुसलाकर उसकी गोद में मौजूद करीब एक वर्षीय बालक तौफीक को अपने साथ ले जाकर अपहरण कर लिया था। इसके बाद उसने बच्चे को कादीपुर खुर्द निवासी जितेन्द्र पुत्र सोमई को 50 हजार रुपये में बेच दिया। महिला अभियुक्ता की निशानदेही पर पुलिस ने बच्चे के सौदे से प्राप्त 50 हजार रुपये भी बरामद कर लिए।पुलिस के अनुसार, बच्चे को खरीदने वाला अभियुक्त जितेन्द्र उसे बेचने के उद्देश्य से मुंबई लेकर गया था। वहां सौदा तय नहीं हो पाने के कारण वह बच्चे को लेकर वापस लौट आया। इसके बाद वह दोबारा बच्चे को बेचने की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर ग्राम मगरावां स्थित साजिद कार वॉशिंग सेंटर के पास दबिश दी गई, जहां से जितेन्द्र को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अपहृत मासूम तौफीक को सकुशल बरामद कर लिया ।पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त जितेन्द्र (50 ) निवासी ग्राम कादीपुर खुर्द तथा अभियुक्ता ऊषा (42 ) निवासी ग्राम सराय कल्याण, थाना कादीपुर के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक सगीर मुहम्मद, हेड कांस्टेबल राजकुमार शुक्ला, अमित कुमार मिश्रा, वेद प्रकाश यादव, कांस्टेबल पवन जीत यादव और महिला कांस्टेबल खुशबू गुप्ता शामिल रहीं।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सात दिनों से लापता मासूम को सकुशल बरामद कर परिजनों को बड़ी राहत मिली है। 

कोई टिप्पणी नहीं