यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा-कांग्रेस की पहली बैठक आज , 403 सीटों पर होगी चर्चा
लखनऊ यूपी में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की कवायद शुरू हो गई है। दोनों दलों के बीच गठबंधन के तहत सीटों के तालमेल को लेकर पहली दौर की बैठक सोमवार को नई दिल्ली में होगी। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर आयोजित होने वाली यह बैठक 23 और 24 नवंबर तक चलेगी। इसमें दोनों दलों के वरिष्ठ नेता शामिल होकर चुनावी तैयारियों और सीटों के बंटवारे पर चर्चा करेंगे।बैठक में समाजवादी पार्टी की ओर से राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद इकरा हसन और राजीव राय शामिल होंगे। वहीं कांग्रेस की ओर से भी वरिष्ठ नेता बातचीत में हिस्सा लेंगे। सूत्रों के मुताबिक, बैठक का मुख्य एजेंडा उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर गठबंधन के तहत सीटों का बंटवारा तय करना है।दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत के लिए समिति गठित की है। इसी क्रम में दोनों दलों के बीच यह पहली औपचारिक बैठक होने जा रही है। दो दिनों तक चलने वाली इस बातचीत में विधानसभा क्षेत्रों के राजनीतिक समीकरण, संगठन की स्थिति और सीटों पर दावेदारी को लेकर चर्चा होने की संभावना है।लोकसभा चुनाव में साथ मिलकर चुनाव लड़ चुके सपा और कांग्रेस की निगाहें अब 2027 के विधानसभा चुनाव पर हैं। ऐसे में सीट बंटवारे को लेकर होने वाली इस बैठक को गठबंधन की आगे की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, सीटों की संख्या और बंटवारे के अंतिम फार्मूले पर फैसला बातचीत के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं