मां के नाम सीएम योगी की भावुक पाती, हर मां के सम्मान और सेवा का दिया संदेश
लखनऊ मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावनात्मक रूप से काफी व्यथित नजर आए थे। मां के अंतिम संस्कार के दौरान उनकी आंखें नम थीं। अब सीएम योगी ने अपनी मां को याद करते हुए ‘योगी की पाती’ में एक बेहद भावुक पत्र लिखा है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने न केवल मां के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को व्यक्त किया।बल्कि संन्यास ग्रहण करने के बाद मां से भिक्षा मांगने के उस भावुक प्रसंग को भी साझा किया।जिसने मां-बेटे के रिश्ते की गहराई को बयां कर दिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र में लिखा है कि यह पाती केवल उनकी मां के लिए नहीं, बल्कि संसार की प्रत्येक मां के नाम है। मां के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि मां के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। मां केवल जननी ही नहीं, बल्कि जगत जननी है। ईश्वर की जननी भी मां ही होती है। मां वह है, जो हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन एक मां की जगह कोई दूसरा नहीं ले सकता। मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है। सीएम योगी ने पत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए मां के संस्कारों की महत्ता बताई। उन्होंने प्रभु श्रीराम के वनगमन के समय माता कौशल्या के आशीर्वाद, भगवान श्रीकृष्ण के माता की इच्छा से मथुरा के कारावास से गोकुल पहुंचने तथा मां के संस्कारों से बालक ध्रुव और प्रह्लाद जैसे महान व्यक्तित्वों के निर्माण का उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि आज हर मां के स्मरण मात्र से आंखें अश्रुपूरित हो जाती हैं। सीएम योगी ने अपने पत्र में जीवन के उस भावुक क्षण को भी याद किया, जब संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से अधिक समय बाद वह भगवा वस्त्र धारण कर अपने घर की दहलीज पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि गोरखपुर से पैदल यात्रा करते हुए जब वह घर पहुंचे तो मन में भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा था।संन्यास परंपरा के महत्वपूर्ण विधान के अनुसार उन्होंने भिक्षा मांगने के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर जब मां बाहर आईं तो उन्हें सहसा विश्वास नहीं हुआ कि भगवा वस्त्र में खड़ा व्यक्ति उनका बेटा है। मां कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही उन्होंने कहा, "मां, भिक्षा दीजिए।इस पर मां ने खुद को संभालते हुए पूछा कि बेटा, यह क्या हाल बना रखा है।घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो।इस पर योगी आदित्यनाथ ने मां को समझाया कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटती है। उन्होंने कहा कि वह घर में रहने नहीं, बल्कि भिक्षा मांगने आए हैं। मां भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही उनके मनोव्रत को पूर्ण करेगा। सीएम योगी ने लिखा कि मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया। सीएम योगी ने पत्र में मां के न होने के दर्द को भी शब्दों में बयां किया। उन्होंने लिखा कि मां का जीवन से चले जाना केवल किसी व्यक्ति का न होना नहीं है, बल्कि भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्यार और घर की एक गहरी छांव का हट जाना है।उन्होंने अपनी मां को प्रथम गुरु बताते हुए लिखा कि अक्षर ज्ञान देने वाली पूजनीय मां जब अनंत यात्रा पर निकल गईं तो उनके सामने संन्यास के बाद घर की दहलीज पर मां से भिक्षा मांगने का दृश्य फिर से कौंध गया। मां के साथ जुड़ी यादें जीवनभर मन में बनी रहती हैं और उनका स्थान कोई नहीं ले सकता। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र के अंतिम हिस्से में मातृत्व के प्रति कर्तव्य और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता। मां का ऋण भी ऐसा ही है। हालांकि, अपने कर्तव्यों का पालन करके मां के प्रति सम्मान अवश्य प्रकट किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद वह प्रदेश की मातृशक्ति के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि प्रदेश का हर नागरिक किसी निराश्रित मां का संबल बने, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझे और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करे। सीएम योगी की यह भावुक पाती मां के प्रति अटूट प्रेम, त्याग, संस्कार और सम्मान का संदेश देती है। साथ ही समाज को यह भी प्रेरित करती है कि मां का सम्मान केवल शब्दों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद और बेसहारा माताओं की मदद के रूप में भी दिखाई दे।

कोई टिप्पणी नहीं