सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज सफलतापूर्वक संपन्न
सुल्तानपुर शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह के निर्देशन में जनपद में रविवार को सायं 06ः00 बजे पुलिस लाइन परिसर में सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रभारी उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा/अपर उपजिलाधिकारी सदर संदीप यादव की अध्यक्षता में कार्यक्रम का संचालन किया गया इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद लाल चंद्र सरोज सहित सभी सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
मॉक एक्सरसाइज का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा, त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों तथा विभिन्न विभागों के मध्य आपसी समन्वय और तत्परता को परखना रहा। अभ्यास के दौरान सर्वप्रथम हवाई हमले की चेतावनी के लिए लगभग दो मिनट तक सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्रों एवं स्थलों की विद्युत आपूर्ति बाधित कर ब्लैकआउट का अभ्यास किया गया। इस दौरान नागरिकों को सुरक्षित स्थानों एवं निर्धारित शेल्टर में पहुंचाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों का प्रदर्शन किया । मॉक एक्सरसाइज के अंतर्गत हवाई हमले से संभावित क्षति एवं आग लगने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का भी अभ्यास किया । अग्निशमन विभाग द्वारा फायर एक्सटिंग्विशर एवं फायर टेंडर के माध्यम से छोटी एवं बड़ी आग बुझाने का प्रदर्शन किया। वहीं, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों एवं संबंधित टीमों द्वारा प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने तथा घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का अभ्यास किया ।इस दौरान नागरिक सुरक्षा विभाग, अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद, जिला युवा कल्याण विभाग, एनसीसी, एनएसएस, पीआरडी, होमगार्ड्स, आपदा मित्र एवं आपदा प्रबंधन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता की।अपर उपजिलाधिकारी सदर ने मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों, त्वरित प्रतिक्रिया एवं आपसी समन्वय की महत्ता पर बल दिया। अभ्यास के माध्यम से आपदा की स्थिति में नागरिकों को सुरक्षित रखने, राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग की तैयारियों का परीक्षण किया । उपस्थित अधिकारियों ने भी मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन में सहभागिता की। सभी संबंधित विभागों ने निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया। अंत में मॉक ड्रिल की समाप्ति की घोषणा की गई। जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई कि आपातकालीन परिस्थितियों में घबराएं नहीं, प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षा संबंधी उपायों के प्रति जागरूक रहे। इस प्रकार जनपद में सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
कोई टिप्पणी नहीं