महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा, आज जारी होगा सपा का ‘जन-मन का मैनिफेस्टो
लखनऊ यूपी में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा अपने चुनावी घोषणापत्र के माध्यम से पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समीकरण को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार, 26 नवंबर को सपा का चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे। ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ नाम से तैयार इस प्रण-पत्र में महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने सहित दो दर्जन से अधिक प्रमुख वादे शामिल किए जाने की तैयारी है।सपा ने अपने चुनावी अभियान को ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रण-पत्र’ नाम दिया है। इसकी थीम ‘हर हाथ को काम, हर किसान को दाम, महिलाओं को सम्मान और कानून का मान’ रखी गई है। पार्टी केवल राज्यस्तरीय घोषणापत्र तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि प्रत्येक जिले की जरूरतों और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग जिला स्तरीय मैनिफेस्टो भी तैयार कर रही है। इनमें स्थानीय विकास, बुनियादी सुविधाओं, रोजगार और क्षेत्रीय समस्याओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।सपा के प्रस्तावित चुनावी वादों में महिलाओं के लिए ‘स्त्री समृद्धि सम्मान योजना’ प्रमुख है। इसके तहत महिलाओं को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की जा सकती है। पार्टी महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को अपने चुनावी एजेंडे का अहम हिस्सा बना रही है। इसके साथ ही स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोगों को दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव भी शामिल है।किसानों को साधने के लिए सपा गन्ना मूल्य भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने और गन्ना किसानों के लिए रिवॉल्विंग फंड बनाने का वादा कर चुकी है। वहीं सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की घोषणा भी प्रमुख मुद्दों में शामिल है। पार्टी आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने, खाली सरकारी पदों को भरने और युवाओं को नियमित एवं स्थायी नौकरी देने का वादा भी कर रही है।युवाओं और विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए पार्टी मुफ्त शिक्षा और लैपटॉप उपलब्ध कराने का वादा भी अपने घोषणापत्र में शामिल कर सकती है। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कानून बनाने की बात भी प्रमुखता से रखी जाएगी। घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का प्रस्ताव भी चुनावी घोषणाओं का हिस्सा है।पीडीए वर्ग को सामाजिक और राजनीतिक रूप से जोड़ने के लिए सपा लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर पीडीए के महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने का वादा भी कर रही है। इसके साथ ही पत्रकारों और बुद्धिजीवियों के लिए सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था करने तथा यश भारती सम्मान की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये करने की घोषणा भी प्रस्तावित है। पार्टी बेहतर कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी नीति और दृष्टिकोण भी जनता के सामने रखेगी।राजनीतिक जानकारों के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव में महिलाओं को केंद्र में रखकर किए गए राजनीतिक प्रयोगों के बाद यूपी में भी महिला मतदाताओं पर विभिन्न दलों का फोकस बढ़ा है। सपा भी आर्थिक सहायता, रोजगार, सामाजिक सम्मान और सुरक्षा जैसे मुद्दों के जरिए महिलाओं को अपने चुनावी एजेंडे से जोड़ने की कोशिश कर रही है। भाजपा की लाभार्थी योजनाओं के मुकाबले पार्टी अपना कल्याणकारी मॉडल प्रस्तुत करना चाहती है।कुल मिलाकर सपा का प्रस्तावित ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ महिलाओं, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और पीडीए वर्ग से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहने वाला है। अब 26 नवंबर को घोषणापत्र जारी होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि पार्टी अपने प्रस्तावित वादों को किस स्वरूप में जनता के सामने रखती है और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए उसकी प्राथमिकताएं क्या होंगी।

कोई टिप्पणी नहीं