ब्रेकिंग न्यूज

गोकशी के मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार


सुलतानपुर गोकशी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को बंधुआकला पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ 25/26 नवंबर की रात थाना बंधुआकला क्षेत्र के अलीगंज चौकी अंतर्गत पड़वापुर गांव के पास नहर पटरी पर हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर पुत्र फैयाज उर्फ कल्लू निवासी तकिया जमुवारी, थाना मुसाफिरखाना, जनपद अमेठी के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, थाना बंधुआकला में 22 नवंबर  को गोहत्या निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

इस मामले में समीर वांछित चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान रात में पुलिस की आरोपी से मुठभेड़ हो गई, जिसमें गोली लगने से वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से गोकशी में इस्तेमाल होने वाला एक चापड़, रस्सी, एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।पुलिस मीडिया सेल के मुताबिक, गिरफ्तार समीर का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ सुलतानपुर और अमेठी के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं।

कोई टिप्पणी नहीं