ब्रेकिंग न्यूज

डीएम ने धान क्रय केंद्र एवं उर्वरक बिक्री केंद्र का किया निरीक्षण


सुल्तानपुर जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड, अठैसी जयसिंहपुर का निरीक्षण कर धान खरीद की प्रगति एवं उर्वरक की उपलब्धता की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप समय से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा धान खरीद के दौरान कृषकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। जिलाधिकारी  ने धान क्रय केंद्र पर नमी मापक यंत्र के माध्यम से धान में नमी की जांच की तथा धान क्रय एवं भंडारण कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप धान खरीद सुनिश्चित की जाए और केंद्र पर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने उर्वरक भंडारण कक्ष का निरीक्षण कर उपलब्ध उर्वरक के स्टॉक की स्थिति देखी। उन्होंने निर्देशित किया कि क्षेत्र के किसानों को उनकी मांग एवं आवश्यकता के अनुसार उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही आस-पास के गांवों एवं क्षेत्र के किसानों को यह जानकारी दी जाए कि केंद्र पर उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, जिससे किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। जिलाधिकारी महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीद एवं उर्वरक वितरण की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों को शासन की मंशा के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

कोई टिप्पणी नहीं